बागपत के बूढ़पुर रेलवे हाल्ट पर एक युवक रुकी हुई ट्रेन के आगे पटरी पर लेट गया। यात्रियों और राहगीरों ने समझाकर उसे सुरक्षित हटाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बागपत जनपद के दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर स्थित बूढ़पुर रेलवे हाल्ट पर शनिवार को एक युवक रुकी हुई ट्रेन के आगे पटरी पर जाकर लेट गया। युवक को पटरी पर लेटा देखकर मौके पर मौजूद यात्रियों और राहगीरों ने शोर मचाया। इसके बाद लोगों ने उसे समझाकर सुरक्षित पटरी से हटा लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
ट्रेन के आगे पटरी पर लेट गया युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शामली जिले के एलम कस्बा निवासी अनुज अचानक स्टेशन पर रुकी ट्रेन के आगे पटरी पर जाकर लेट गया। युवक को पटरी पर लेटा देखकर यात्रियों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने युवक को समझाया और ट्रेन के सामने से सुरक्षित हटाया। इस दौरान ट्रेन कुछ देर तक रेलवे स्टेशन पर ही रुकी रही। युवक के पटरी से हटने के बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
युवक ने नहीं बताया कारण
बताया गया कि युवक ने ट्रेन के आगे पटरी पर लेटने का कोई कारण नहीं बताया। बाद में वह बूढ़पुर रेलवे हाल्ट से चला गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जीआरपी बड़ौत के इंस्पेक्टर सन्नी शेखर ने बताया कि उन्हें मामले की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि टीम से जानकारी कराई जाएगी।