प्रधान धर्मेंद्र तोमर उर्फ धर्मा की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
सिरसली गांव में बुधवार शाम को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए प्रधान धर्मेंद्र तोमर उर्फ धर्मा (48) की हिस्ट्रीशीटर आयुष ने अपने साथी के साथ मिलकर पिस्टल से गोलियां मारकर हत्या कर दी। वहां बैठे सेवानिवृत्त दरोगा के बेटे विनीत ने रोकने का प्रयास किया तो उसको भी गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश भाग गए।
घर में विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
सिरसली गांव के प्रधान धर्मेंद्र तोमर उर्फ धर्मा बुधवार शाम अपनी बुलेट बाइक पर गांव के बाहरी तरफ टेंपों स्टैंड पर पहुंचे। वहां सेवानिवृत्त एसआई तेजवीर सिंह के मकान के बाहर करीब 15 ग्रामीणों के साथ बैठकर ताश खेलने लगे। तभी गांव के अंदर से बाइक पर अपने साथी के साथ आए हिस्ट्रीशीटर आयुष ने प्रधान धर्मेंद्र तोमर से दोबारा भी प्रधानी का चुनाव लड़ने को लेकर बातचीत की।
यह भी पढ़ें...
Baghpat: पाकिस्तान के समर्थन में डाली पोस्ट, देशद्रोह में सपा नेता का भतीजा गिरफ्तार, जब्त मोबाइल खोलेगा राज
मौके पर पहुंची पुलिस और एकत्र ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
धर्मेंद्र तोमर ने चुनाव लड़ने की तैयारी करने की बात बताई तो हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी ने पिस्टल निकालकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। प्रधान के कमर, गर्दन और सीने में करीब चार गोलियां लगीं और वह जमीन पर गिर गए। गोलियां चलते ही भगदड़ मच गई और अधिकतर लोग भाग गए। वहां पास में बैठे विनीत ने प्रधान को बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उसके हाथ में गोली मारकर घायल कर दिया।
घटना के बाद दोनों बदमाश बाइक लेकर अंगदपुर जौहड़ी की तरफ भाग गए। प्रधान धर्मेंद्र व घायल विनीत को लेकर ग्रामीण मेरठ के अस्पताल पहुंचे, जहां प्रधान को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनीत का उपचार चल रहा है। मृतक का एक भाई सतेंद्र सहारनपुर और दूसरा भाई जितेंद्र पीलीभीत में यूपी पुलिस में एसआई है।
आयुष अपने परिवार के सदस्य को चुनाव लड़ाना चाहता है, इसलिए घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है। इस मामले में एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि सिरसली गांव के ही हिस्ट्रीशीटर आयुष पर करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं। उसके पिता व अन्य भी गांव में चल रही रंजिश में हत्या के मामले में जेल में सजा काट रहे हैं। आयुष हत्या के प्रयास में हरिद्वार जेल में बंद था और कुछ दिन पहले जमानत पर आया था।