ऋतिक की फाइल फोटो और अस्पताल में घायल रजत।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर आगे चल रहे टेंपो के अचानक ब्रेक लगाने पर हादसा हो गया। इसमें टेंपो से टकराने से नीचे गिरे गृह मंत्रालय में कर्मी किरणपाल कटारिया के बेटे ऋतिक (25) और रजत को ट्रक ने कुचल दिया। इसमें ऋतिक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई रजत घायल हो गया। घायल का पुलिसकर्मियों ने सीएचसी में उपचार कराया।
दिल्ली के संगम विहार निवासी गृह मंत्रालय के कर्मी किरणपाल कटारिया का बड़ा बेटा ऋतिक और छोटा बेटा रजत रविवार दोपहर बाइक से दाहा गांव स्थित अपनी ननिहाल में जा रहे थे।रजत ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जैसे ही रिवर पार्क के समीप पहुंचे तो आगे चल रहे टेंपो के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। उन्होंने बचने का प्रयास किया तो उनकी बाइक टेंपो से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मारते हुए उसके भाई ऋतिक को कुचल दिया।
हादसे के बाद राहगीरों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही ऋतिक की मौत हो गई। उधर, चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर मृतक के परिवार वाले भी आ गए। जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।