बड़ौत के जनता वैदिक इंटर कॉलेज के छात्रों ने बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ उनकी खूब नोकझोंक हुई। समस्या के जल्द समाधान के आश्वासन पर फिलहाल छात्र शांत हो गए हैं।
बड़ौत के जनता वैदिक इंटर कॉलेज में बिजली कनेक्शन काटने, क्रीड़ा कोष के अलावा शुल्क संबंधी बैंक खाते सीज किए जाने के विरोध में जेन अल्फा (2010 से लेकर 2024 या 2025 के बीच जन्मे) ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा मचाया। आठवीं से 12वीं कक्षा तक के छात्रों ने सड़क पर उतर कर प्रशासन विरोधी नारेबाजी की। करीब एक घंटे बाद जाम खोलवाने पहुंची कोतवाली पुलिस से छात्रों की जमकर नोकझोंक हुई। बाद में अफसरों ने जब समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम खोला गया।
विज्ञापन
Trending Videos
प्रदर्शन करता छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
कॉलेज के प्रदर्शनकारी छात्रों का नेतृत्व कर रहे अक्षय दांगी, अक्षित, अमित और रवि ने बताया कि बिजली बिल के नौ लाख रुपये बकाया बताकर कनेक्शन काट दिया गया है, इससे सभी कक्षाओं के पंखे बंद पड़े हैं। इससे गर्मी में कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है।
बिजली विभाग का बकाया दिखाकर आरसी जारी कर दी गई और बड़ौत तहसील प्रशासन ने क्रीड़ा कोष के अलावा शुल्क का खाता भी सीज कर दिया है। इससे दिक्कतें पैदा हो गई हैं।
छात्रों की बात सुनती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
इस कारण निशानेबाजी, बैडमिंटन, क्रिकेट, वालीबॉल और फुटबॉल के 150 से अधिक खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि कॉलेज की दीवार टूटी होने से असामाजिक तत्व परिसर में घुस जाते हैं। कई बार प्रशासन को लिखित शिकायत देने के बाद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शनकारी बिजली कनेक्शन चालू कराने, दीवार की मरम्मत कराने और बैंक खाते खुलवाने की मांग पर अड़े रहे।
वहां हंगामा बढ़ने पर कोतवाली के इंस्पेक्टर दीक्षित त्यागी पहुंचे तो छात्रों के साथ उनकी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर उनको सड़क पर छात्रों के साथ बैठकर समस्या सुननी पड़ी। उन्होंने अधिकारियों से बात कर समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही छात्रों ने दोपहर 12 बजे जाम खोला।
जाम में फंसे लोग
छात्रों के जाम लगाने से बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान बाइक सवारों ने निकलने का प्रयास किया तो छात्रों ने उन्हें रोक दिया। करीब एक घंटे तक जाम रहने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ वाहन चालक बिनौली मार्ग से होकर आगे गए।
ये बोले प्रधानाचार्य
कॉलेज की कृषि भूमि पर लगे ट्यूबवेल के बिजली कनेक्शन पर वर्ष 1997 से बिल बकाया है। वर्ष 2005 में पूरा बकाया जमा कराकर कनेक्शन कटवा दिया गया था। इसके बावजूद बिजली विभाग ने करीब नौ लाख रुपये का बकाया दिखाकर कॉलेज का कनेक्शन काट दिया और वसूली के लिए आरसी तहसील भेज दी। इसके बाद कॉलेज के क्रीड़ा कोष और फीस के बैंक खाते सीज हो गए। इस संबंध में एसडीएम को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। -डॉ. यशपाल शास्त्री, प्रधानाचार्य
ये बोले एसडीएम
कॉलेज पर बिजली बिल के बकाये की आरसी प्राप्त होने के बाद खाता सीज किया गया था। फिलहाल प्रधानाचार्य से प्रतिवेदन मांगा गया है। एक सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। -बालकृष्ण सिंह, एसडीएम बड़ौत