बिजरौल मार्ग पर स्थित कृष्णा एंक्लेव में द्वार का निर्माण कार्य चल रहा था, तभी हादसा हो गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है। जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।
बड़ौत नगर में बिजरौल मार्ग पर स्थित कृष्णा एंक्लेव कॉलोनी में मंगलवार दोपहर निर्माणाधीन मुख्य द्वार का कुछ हिस्सा भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से मजदूर सालिम (26) निवासी नाला जिला शामली की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया, जहां से पांच मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
गिरा निर्माण गेट का लिंटर।
- फोटो : अमर उजाला
बिजरौल मार्ग पर स्थित कृष्णा एंक्लेव में मंगलवार को मजदूर सालिम, भूरा, जगदीश, सोनू, रहीसुद्दीन, मांगेराम समेत अन्य मुख्य द्वार का निर्माण कर रहे थे। वहां कार्य के दौरान द्वार का कुछ हिस्सा भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर गया। उसके साथ लकड़ी की बल्ली और फट्टे भी गिरने से सभी मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
घायल मजदूर।
- फोटो : अमर उजाला
आसपास खड़े लोगों ने शोर मचाया तो राहगीर भी दौड़कर वहां पहुंच गए। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद मजदूरों को मलबे के नीचे से निकालकर सीएचसी पहुंचाया। जहां सालिम को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायल मजदूरों भूरा निवासी शेरपुर लुहारा, जगदीश निवासी शबगा, सोनू निवासी बामनौली, रहीसुद्दीन निवासी हरिजन बस्ती बड़ोली मार्ग, मांगेराम निवासी ओसिक्का समेत को प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल में घायल सोनू, मांगेराम, जगदीश की हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया। उधर घटना का पता चलने पर एसडीएम मनीष कुमार, सीओ विजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पांच-छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
ठेकेदार की लापरवाही से हुआ हादसा : प्रभाकर
कॉलोनाइजर प्रभाकर पंवार का कहना है कि मुख्य द्वार बनाने का ठेका दिया हुआ था। यह ठेकेदार की जिम्मेदारी थी कि किस तरह से कार्य करा है। इसमें ठेकेदार की लापरवाही लग रही है और पुलिस को जांच करके कार्रवाई करनी चाहिए।