बिजनौर जिले के बुंदकी में कांवड़ यात्रा मार्ग पर बाइक की टक्कर लगने से घायल द्वारिके शुगर मिल लिमिटेड के इलेक्ट्रिक इंजीनियर बिजेंद्र सिंह तोमर (58) निवासी फतेहपुर पुट्ठी की मौत हो गई। बुधवार को गांव में बिजेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया गया।
फतेहपुर पुट्ठी गांव निवासी किसान प्रभातशील तोमर ने बताया कि उनके बड़े भाई बिजेंद्र सिंह बिजनौर जिले के बुंदकी के द्वारिके शुगर मिल लिमिटेड में इलेक्ट्रिक इंजीनियर पद पर तैनात थे। सोमवार शाम ड्यूटी करने के बाद दुकान से सामान खरीदकर पैदल अपने आवास पर जा रहे थे। बुंदकी में सड़क पार करते समय एक बाइक ने बिजेंद्र सिंह को टक्कर मार दी।
इस हादसे में घायल बिजेंद्र की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसकी नगीना देहात थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मंगलवार रात शव गांव लाया गया और बुधवार को अंतिम संस्कार किया। बिजेंद्र सिंह के बेटे अभिषेक नोएडा के बैंक में तैनात हैं। जबकि बेटी दीक्षा तोमर की शादी हो चुकी है। बिजेंद्र सिंह पांच भाइयों में चौथे नंबर के थे। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि हादसा बिजनौर में हुआ है, वहां की पुलिस कार्रवाई करेगी।