बागपत में छपरौली थाने के सिपाही की मौत का राज मोबाइल के लॉक में बंद है। उसके मोबाइल का लॉक खोलने का पुलिस ने प्रयास किया, लेकिन वह खुल नहीं सका। अब परिजनों के सामने मोबाइल को लैब में भेजा जाएगा, जिससे सिपाही की मौत का कारण पता लग सके। उधर, सिपाही की मौत से परिजन सदमे में हैं।
सहारनपुर के मोहल्ला हकीकत नगर पंजाबी बाग में रहने वाले मुख्य आरक्षी अमर राणा बृहस्पतिवार को शामली से निकाय चुनाव की ड्यूटी से लौटा था। उसे शुक्रवार को बुलंदशहर में वीआईपी ड्यूटी में जाना था। वह शुक्रवार सुबह को ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो साथी पुलिस कर्मियों ने उसे फोन किया।
उसके फोन नहीं उठाने पर पीआरडी के जवान को कमरे पर भेजा गया तो अमर राणा का शव पंखे पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस के काफी छानबीन करने और परिजनों से बातचीत के बाद भी अमर राणा के आत्महत्या के कारण का पता नहीं लग सका।
यह भी पढ़ें: UP: अखिलेश यादव का कार्यक्रम बदला, अब मेरठ में आठ मई को करेंगे रोड शो, हर तरफ नजर आएगी साइकिल