बागपत के मवीखुर्द गांव में हुए संघर्ष में दो पक्षों के दस लोग घायल हो गए। इस दौरान समुदाय विशेष की ओर से फायरिंग की गई। पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने से गांव में तनाव के चलते पुलिस बल तैनात किया गया है।
उत्तर प्रदेश के बालैनी थाना क्षेत्र के मवीखुर्द गांव में कुत्ते से गाड़ी टकराने पर दो समुदाय के लोगों में संघर्ष हो गया। एक समुदाय के लोगों ने दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान फायरिंग भी की गई। इसमें दोनों पक्ष के दस लोग घायल हो गए। गांव में तनाव के चलते भारी पुलिस बल तैनात किया है। अनुसूचित समुदाय की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है।
विज्ञापन
मवीखुर्द गांव निवासी फिरोज पुत्र नन्हे की पिकअप गाड़ी रविवार शाम गांव ही दलित समुदाय के लोकेश पुत्र उमरे के कुत्ते से टकरा गई। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष के दर्जनों लोग धारदार हथियार लेकर एक-दूसरे से भिड़ गए।
इस दौरान समुदाय विशेष की ओर से फायरिंग की गई। पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए। एक पक्ष के अखलीम पुत्र शौकीन, वाजिद पुत्र नवाब, शौकीन पुत्र वहीद और फिरोज पुत्र नूर मोहम्मद तथा दूसरे पक्ष से लोकेंद्र पुत्र उमरे, मोनी पुत्री धर्मवीर, रानी पत्नी जीता, कपिल पुत्र कल्लू, प्रेम और जितेंद्र घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया।
उधर, गांव में तनाव बना हुआ है। वहीं, सीओ विजय चौधरी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रभारी निरीक्षक विरजाराम का कहना है कि घायलों को उपचार के लिए भिजवा दिया। मामले की जांच की जा रही है। अनुसूचित समुदाय की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति-व्यवस्था बनाने की अपील की।