बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी थानाक्षेत्र में मेरठ बागपत नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर चौहलदा नहर के पास जिम जा रहे चार युवकों की बाइक की ईको कार के साथ आमने सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार कोर्ट रोड का रहने वाला जिशान (20) पुत्र नौशाद, इरशाद पुत्र नानु मलिक निवासी इस्लामनगर, साबिर पुत्र गुलफाम निवासी ईदगाह मोहल्ला व शोएब निवासी निकट टेलीफोन एक्सचेंज बुधवार निकट दोपहर चौहलदा नहर के पास स्थित जिम में जा रहे थे।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत बोले-हरी टोपी, झंडे और डंडे के साथ पंचायत में कूच करें किसान
बताया कि मेरठ बागपत नेशनल हाइवे पर जैसे ही चौहलदा नहर के पास पहुंचे, तो मोड़ पर मेरठ की तरफ से आ रही ईको कार के साथ उनकी आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें इरशाद व जिशान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साबिर व शोएब गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर दोनों घायलों को अग्रवाल मंडी टटीरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर दोनों के शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। उधर मृतकों के परिवार वालो में कोहराम मचा हुआ है।