उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बुधवार से कक्षा छह से आठवीं तक की कक्षाएं शुरू करने के लिए विद्यालयों ने तैयारी पूरी कर ली है। मंगलवार को विद्यालयों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया। कक्षों की सफाई और सिटिंग प्लान तैयार किया गया। शिक्षण के दौरान बच्चों में दो गज की दूरी, मास्क का अनिवार्य रुप से पालन कराया जाएगा। निजी विद्यालयों की ओर से बच्चों के अभिभावकों को सहमति के लिए मेसेज भेजा गया है।
दिन में दो बार किया जाएगा सैनिटाइजर का छिड़काव
सेंट एंजल्स पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अजय गोयल ने बताया कि मंगलवार को विद्यालय के साथ-साथ बसों को सैनिटाइज कराया गया है। स्कूल खुलने और बंद होने के उपरांत विद्यालय और बसों को सैनिटाइज कराया जाएगा। बच्चों के लिए सैनिटाइजर, साबुन की व्यवस्था कराई गई है। बच्चों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।
कक्षों की कराई सफाई, सीटिंग प्लान तैयार
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रीति शर्मा का कहना है कि विद्यालय संचालन की सभी तैयारी पूरी है। सभी कक्षों और विद्यालय में सफाई कराकर सीटिंग प्लान तैयार कर लिया गया है। बच्चों के बीच दो गज की दूरी पर बैठाकर शिक्षण कराया जाएगा। कोविड-19 के नियमों के आधार पर शिक्षण कराया जाएगा।
बिना मास्क नहीं मिलेगी एंट्री
श्री यमुना इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मुकेश राज शर्मा ने बताया कि विद्यालय संचालन की तैयारी पूरी कर ली गई है। विद्यालय में बिना मास्क के छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
एक मार्च से शुरू होगी प्राइमरी की पढ़ाई
एक मार्च से कक्षा एक से पांचवीं तक के विद्यालयों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए भी विद्यालयों में तैयारियां शुरू कर दी गई है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रधानाध्यापकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए है।
प्रधानाध्यापकों व प्रधानाचार्यों को कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए विद्यालयों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए गए है। विद्यालयों में सफाई व्यवस्था, सैनिटाइजर, साबुन और मास्क का प्रयोग करने व दो गज की दूरी का पालन कराते हुए शिक्षण के निर्देश दिए गए है। - राघवेंद्र सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी।