खेकड़ा में पोस्टमार्टम के बाद बालक शौर्य का शव बुधवार की सुबह गांव मे पहुंचा। बालक का शव गांव में पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। गमगीन माहौल में परिजनों ने गांव के मोक्ष धाम में बालक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के फखरपुर गांव से ग्रामीण सोनवीर सिंह का 6 वर्षीय पुत्र शौर्य 15 दिसंबर की शाम ट्यूशन पढ़कर वापस घर लौटते समय लापता हो गया था। मंगलवार की शाम गांव जंगल में ग्रामीण अशोक के गन्ने के खेत में मिट्टी में दबा हुआ उसका शव मिला था।
बालक की गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी रिश्ते के चाचा विनीत और उसके दो साथियों नीरज उर्फ डैनी और अक्षित को हिरासत में लेकर शव को बरामद किया था। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की सुबह शौर्य का शव गांव में पहुंचा। पुलिस बुधवार को आरोपी विनीत और नीरज को पेशी पर लेकर जा रही थी। इसी दौरान दोनों पुलिस वाहन से कूदकर भाग निकले थे।