वैज्ञानिक अंकित त्रिपाठी मवीकलां गांव स्थित हैरी कैसल होटल पर जांच के लिए गए थे। आरोप है कि वहां होटल मालिक और उसके 15 साथियों ने बंधक बनाए रखा। पुलिस ने इन सबके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, जांच की जा रही है।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मवीकलां स्थित हैरी कैसल होटल में जांच करने आए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक अंकित त्रिपाठी को बंधक बनाकर रखा गया और रिवॉल्वर दिखाई गई। शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं होने पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सीओ को तलब किया। अब पुलिस ने साढ़े तीन महीने बाद मंगलवार रात होटल मालिक और उसके 15 अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
Trending Videos
दिल्ली स्थित केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक अंकित त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें केंद्रीय वायु गुणवत्ता निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। अगस्त माह में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मवीकलां गांव स्थित हैरी कैसल होटल में निर्माण कार्यों पर रोक लगाई गई थी। 25 जून को केंद्रीय वायु गुणवत्ता निगरानी के अधिकारी के तौर पर हैरी कैसल होटल में जांच करने गए थे कि वहां पर निर्माण कार्य चल रहा है या बंद है।
आरोप लगाया कि होटल परिसर में पहुंचते ही फोटो और वीडियो बनाने शुरू किए तो गेट पर खड़े होटल मालिक के साथ आए 10-15 गार्डों ने उन्हें जांच करने से रोका और अभद्रता की। वहां पर गाली-गलौज कर अपशब्द भी कहे। आरोप है कि इसके बाद होटल के एक कमरे में ले जाकर दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। वहां पर होटल मालिक का एक साथी बार-बार रिवॉल्वर दिखाकर डरा रहा था। इसकी शिकायत करने पर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो बोर्ड को पत्र लिखा। इस मामले में बोर्ड ने सीओ बागपत को तलब भी किया। अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
15 बार हाथापाई और गाली-गलौज की, बाहर भी नहीं जाने दिया
वैज्ञानिक अंकित त्रिपाठी का आरोप है कि होटल मालिक ने कमरे में करीब 15 बार गाली-गलौज और हाथापाई की। हर बार उन्होंने वीडियो बनाने के लिए अपना मोबाइल निकाला, लेकिन होटल मालिक के साथियों ने फोन छीनकर वीडियो नहीं बनाने दिया। होटल में लगे सीसीटीवी की फुटेज में भी पूरी घटना कैद हुई है।
हम पर गलत आरोप, हमारी तरफ से भी शिकायत की गई
मवीकलां गांव के रहने वाले होटल मालिक ओम सिंह का कहना है कि हम पर गलत आरोप लगाए गए हैं और प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी नहीं है। हमसे रुपयों की मांग की गई थी और इस मामले में हमारी तरफ से भी शिकायत की गई थी, मगर उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस मामले में सही जांच करें।
ये बोलीं सीओ
वैज्ञानिक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की जांच शुरू करा दी गई है। जांच में जो भी सत्यता सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -सुकन्या शर्मा, सीओ