बागपत । एम्योचर बॉक्सिंग संघ के मुक्केबाजों ने गुजरात में 10 स्वर्ण समेत 19 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
बॉक्सिंग संघ की कोच सरिता सिंह ने बताया दो से तीन अक्तूबर को गुजरात के जय जलालराम इंटर नेशनल स्कूल में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता चली। इसमें जिला एम्योचर बॉक्सिंग संघ के बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया।
उन्होंने बताया विशाल तोमर, विजय सिंह, निखिल सरोहा, रवि तोमर, विशाल तोमर, कुनाल तोमर, रिमझिम चौधरी, आयुषी धामा, ऋतिक वशिष्ठ, अजय सिंह ने प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। इसमें रक्षत तोमर, लक्ष्य मलिक और अनु सिंह ने रजत और आकाश मलिक, पीयूष तोमर, अभिनव कुमार, अजय तोमर ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
सरिता सिंह ने बताया प्रतियोगिता में भूटान, नेपाल, बंगलादेश, ईरान, भारत की टीमों ने भाग लिया था। बॉक्सिंग संघ के महासचिव यशवीर सिंह ने बताया प्रतियोगिता में विजय सिंह को सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज का खिताब मिला है। एकेडमी पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों का स्वागत होगा।
उधर, बिनौली गांव में आयुषी धामा का कोच सरिता सिंह, यशवीर सिंह, सोहनवीर सिंह, पूर्व प्रधान वेदपाल धामा, नेपाल सिंह, अशोक धामा, गौरव ने प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।