बागपत के दोघट क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 25 सौ लोगों को मुचलका पाबंद किया। 28 लोगों के खिलाफ 110 जी की कार्रवाई की। साथ ही चार लोगों की हिस्ट्रीशीट खोली।
18 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की । क्षेत्र के छह लोगों को जिला बदर किया। 429 शस्त्र लाइसेंस जमा करने की कार्रवाई जारी है। इसमें 300 लाइसेंस शस्त्र जमा हो चुके हैं। तीन शस्त्र लाइसेंस पूर्व में निरस्त किए जा चुके हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में क्षेत्र में 131 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। थाना पुलिस सभी गांवों में फ्लैग मार्च कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में यदि कोई अवैध शराब पीता या भंडारण मिला तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस-प्रशासन शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान कराने को प्रतिबद्ध है। कोई भी प्रत्याशी या उसके आदमी किसी मतदाता को डराने-धमकाने का काम न करें। ऐसी अगर शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सभी मतदाता बेखौफ होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
डीएम-एसपी ने किया बूथों का निरीक्षण
डीएम राजकमल यादव और एसपी अभिषेक सिंह ने बृहस्पतिवार को ढ़िकौली गांव में बूथों का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस बल के साथ गांव में पैदल मार्च भी किया। डीएम ने कहा कि चुनाव के दौरान अराजकता फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर होगी। उन्होंने ग्रामीणों को कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने का आह्वान किया।