बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र के सूप गांव में भारतीय वायुसेना के जवान के पिता का शव खेत में आम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जमीन विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
खेत पर गए थे फसल की रखवाली करने
पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय सुधीर तोमर बुधवार शाम खाना खाने के बाद पशुओं से फसल की रखवाली करने के लिए अपने खेत पर गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। सुबह करीब तीन बजे परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उनका शव खेत में आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वायुसेना में तैनात हैं बेटा
मृतक के पुत्र उज्ज्वल तोमर भारतीय वायुसेना में सिपाही हैं और वर्तमान में अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में तैनात हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जमीन विवाद के पहलू की भी जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुधीर तोमर का जमीन को लेकर परिवार के कुछ सदस्यों से विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।