हैलो... तेरी बहन को बहुत समझाया, लेकिन वो मानी नहीं, अब मैंने उसकी हत्या कर दी और थाने जा रहा हूं। ये बातें आसमा के हत्यारोपी पति खालिद ने अपनी साली साइस्ता को फोन करके कहीं। हत्या के बाद घर पहुंची साइस्ता ने पुलिस से हत्यारोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
साइस्ता निवासी पदड़ा ने बताया कि खालिद उसकी बहन के साथ अकसर मारपीट करता था। उसकी बहन का चाल-चलन खराब होने का भी आरोप लगाता रहता था। उन्होंने कई बार समझाया भी, लेकिन खालिद अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। खालिद ने पहले भी उसकी बहन की हत्या करने की धमकी दी थी। शुक्रवार को हत्या करने के बाद खालिद ने उसे फोन कर बताया।
खालिद बोला, बच्चों का जीवन बर्बाद हो गया
खालिद ने बताया कि उसके परिवार में दो बेटी और पांच बेटे हैं। पत्नी की हत्या का उसे कोई पछतावा नहीं है। उसे पछतावा बस इस बात का है कि उसके बच्चों का जीवन बर्बाद हो गया।
बच्चों को घर से भगाकर शव के पास बैठा रहा
खालिद ने बताया कि उसने दोपहर करीब तीन बजे अपनी पत्नी आसमा की हत्या कर दी थी। इसके बाद घर आए बच्चों को उसने बाहर भगा दिया और शव के पास बैठकर रोता रहा। इसके बाद थाने जाकर पुलिस को बताया।