- नगर में गैस पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी ने उखाड़ दिए सभी रास्ते, इंटरलॉकिंग दोबारा नहीं लगा रहे
- लोगों को उठानी पड़ रही परेशानी, शिकायत के बावजूद नहीं होता समस्या का समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गैस पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी ने नगर में बुरे हालात कर दिए है। 93 से ज्यादा जगहों पर रास्तों में इंटरलॉकिंग उखाड़कर छोड़ दी गई है। कोई भी रास्ता व गली ऐसी नहीं है, जहां इंटरलॉकिंग उखड़ी हुई नहीं हो। इंटरलॉकिंग किसी जगह लगवाई भी गई है तो वहां खानापूर्ति की गई, जिससे वह धंस गई है। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है और वाहन फंसने से लोग परेशान है। यह समस्या पिछले कई महीने से बनी हुई है, लेकिन पालिका अधिकारी उसको दूर नहीं कर रहे है।
कोर्ट रोड पर गली नंबर छह में इंटरलॉकिंग बिछाई गई थी। पहले कई जगह से बारिश में इंटरलॉकिंग धंस गई थी तो अब गैस पाइप लाइन कंपनी ने पूरा रास्ता ही उखाड़ दिया है। इससे पूरा रास्ता बंद हो गया है और उसको नगर पालिका व कंपनी में कोई भी ठीक नहीं कर रहा है। - पूनम, गली नंबर छह
हमारे यहां पिछले कई महीने से इंटरलॉकिंग उखड़ी हुई है। गैस पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी के कर्मी अपना काम पूरा करके चले गए है, लेकिन रास्ता अभी तक ठीक नहीं किया है। काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगर पालिका अधिकारी भी इसपर कोई ध्यान नहीं दे रहे है। - कुलदीप शर्मा, गायत्रीपुरम
हमारे यहां इंटरलॉकिंग लगाई गई थी, लेकिन उसे उखाड़कर छोड़ दिया गया है। इससे बाहर निकलने में परेशानी होती है। नगर पालिका के अधिकारी इसको ठीक नहीं करा रहे है, जबकि इसके बारे में कई बार शिकायत कर चुके है। - अजय कुमार सोम, गायत्रीपुरम
हमारे घर के आगे ही इंटरलॉकिंग उखाड़ दी गई है। कंपनी के कर्मचारी इसको ठीक तक नहीं करके गए, जिससे घर से जाने व आने में परेशानी होती है। यह केवल हमारी ही समस्या नहीं है, बल्कि गायत्रीपुरम व आसपास की अधिकतर गलियों को उखाड़कर छोड़ दिया गया है। - कुसुम, गायत्रीपुरम
--
कंपनी को काम खत्म करके इंटरलॉकिंग लगाने के लिए कहा हुआ है। इस तरह की कई जगह समस्याएं है कि वहां इंटरलॉकिंग नहीं लगाई जा रही है। जिनके बारे में दिखवाया जा रहा है और उन सभी रास्तों को ठीक कराया जाएगा, जिससे लोगों के लिए समस्या नहीं हो। - ललित आर्य, ईओ नगर पालिका बागपत