संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बाछौड़ प्रकरण से चर्चा में आए युवक प्रिंस और युवती कोमल को पुलिस ने बुधवार की रात हरिद्वार से बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। युवती के बयान दर्ज कराए। युवती ने शादी करने की बात कहते हुए युवक के साथ जाने की इच्छा जताई। कोर्ट ने उसे युवक के साथ भेज दिया। इन दोनों के गांव से चले जाने पर ही पुलिस ने युवक के घर दबिश दी थी। इसी से आहत होकर युवक की मां और दो बहनों ने विषाक्त पदार्थ खा लिया था, जिनकी मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई थी।
बाछौड़ गांव से तीन मई को युवक प्रिंस और युवती कोमल घर से चले गए थे। युवती के परिजनों ने प्रिंस के खिलाफ कोमल को बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा छपरौली थाने में दर्ज कराया था। इस मामले में छपरौली पुलिस ने प्रिंस के घर दबिश दी। आरोप है कि पुलिस की अभद्रता से आहत होकर प्रिंस की मां गीता और उसकी दो बहनों प्रीति व स्वाति ने विषाक्त पदार्थ निगल लिया था। मेरठ के अस्पताल में उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। यह मामला किसी तरह शांत हो गया था, लेकिन पुलिस को कोमल और प्रिंस के साथ अप्रिय घटना होने का डर था। इसी को देखते हुए दोनों को तलाश करने के लिए कई टीम लगाई गई थी। एक मोबाइल नंबर के सहारे दोनों के हरिद्वार में होने का पता चला। पुलिस ने बुधवार रात को दोनों को हरिद्वार से बरामद कर लिया।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि दोनों बालिग है और हरिद्वार में एक मंदिर में शादी करने के बाद कमरा किराए पर लेकर रह रहे थे। युवक गैस एजेंसी और युवती एक दुकान में नौकरी कर रही थी। युवती ने कोर्ट में दर्ज कराए अपने बयान में युवक के साथ ही रहने की बात कही। कोर्ट ने निर्देश दिया कि दोनों को साथ रहने की अनुमति दे दी। एसपी के मुताबिक दोनों वापस हरिद्वार जाने की बात कहकर बागपत से चले गए।
युवक-युवती बोले, तीन मौत के बारे में पता नहीं चला
पुलिस ने बरामदगी के बाद प्रिंस और कोमल से पूछा कि तीन मौत होने के बाद भी वापस क्यों नहीं आए। दोनों ने बताया कि उन्हें इस बारे में पता ही नहीं चला कि इस तरह प्रिंस की मां व दो बहनों की मौत हो चुकी हैं।
युवक व युवती को हरिद्वार से बरामद कर लिया गया है। दोनों बालिग है। युवती ने युवक के साथ जाने की इच्छा जताई थी। कोर्ट ने दोनों को साथ रहने की अनुमति दी है। युवती को लेकर जाने का मुकदमा अब खत्म हो जाएगा। तीन मौत वाले मुकदमे में एसआईटी जांच कर रही हैं। - नीरज कुमार जादौन, एसपी