बागपत के बड़ौत में बिजली चोरी पकड़ने पर विजिलेंस टीम से उलझने वाले और द्वितीय डिवीजन कार्यालय पर वर्षों से जमे बैठे बाबू पर आखिरकार कार्रवाई की गाज गिर ही गयी। एसई ने निरीक्षण के दौरान विभागीय रिकार्डों में धांधली व खामियां मिलने पर उक्त बाबू के खिलाफ जांच बैठा दी थी। जांच में आरोप सही मिलने पर उक्त बाबू को डिवीजन से तत्काल प्रभाव से हटा दिया।
उल्लेखनीय है बिनौली रोड पर स्थित विद्युत निगम के द्वितीय डिवीजन पर पिछले चार-पांच वर्षों से जमे बाबू ग्यासूदीन पर 21 नवंबर 2015 को नगर में बिजली चोरी पकड़ने पर विजिलेंस टीम से उलझने, नगर की गांधी रोड स्थित एक डॉक्टर से क्षमता वृद्धि बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने, गत जनवरी माह 2016 में कान्हड गांव निवासी एक किसान के निरपुडा गांव निवासी एक दलाल से मिलीभगत कर फर्जी कागजात बनाने, शिकायत लेकर आने वाले उपभोक्ताओं से अवैध वसूली करने, क्षेत्र में तैनात अवर अभियंता से कागजात बनाने के नाम पर कमीशन मांगने, कार्यालय में कर्मचारियों से अभद्रता करने आदि आरोप लग रहे थे।
उपभोक्ताओं की इस प्रमुख समस्या को कुछ दिन पहले अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो विभागीय अफसरों में हड़कंप मच गया। अमर उजाला की खबरों का संज्ञान लेकर एसई वीके पांडेय ने कार्यालय का निरीक्षण किया तो विभागीय रिकार्डों में धांधली व खामियां मिलीं। इस पर एसई ने उक्त बाबू ग्यासूदीन के खिलाफ जांच बैठा दी। जांच में सभी आरोप सही मिले। जांच में आरोप सही मिलने पर उक्त बाबू को एसई के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से डिवीजन से हटा दिया।
इस संबंध में एसई वीके पांडेय ने कहा जांच मेें सभी आरोप सही मिले। इन्हीं कारणों से उक्त बाबू को हटा दिया। एक्सईएन द्वितीय एसपी टॉक ने कहा बाबू को डिवीजन से हटाया। आभार जताने वालों मेें सुनील, संजीव, सुरेंद्र, प्रकाश, अमित, सोहन पाल, रालोद नेता मोहित तोमर, सन्नी चौहान, रवि चौहान, बबलू मलिक, सचिन चौहान शामिल रहे।