18 मई तक चलेगा अभियान, बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में चार से 18 मई तक विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान पखवाड़ा मनाया जाएगा। पखवाड़े में आयुष्मान कार्ड से वंचित परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। पखवाड़े में पंचायती राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, आइसीडीसीएस, खाद्य विभाग व आशा की मदद से आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
डीएम राजकमल यादव ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को टीम आशा और आरोग्य मित्रों के माध्यम से पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए है। इसके अलावा पात्र लाभार्थी जनसेवा केंद्रों पर भी निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवा सकते है। सीएमओ डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि जिले में 59,820 परिवार के 2,59,216 लाभार्थियों के कार्ड बनाने का लक्ष्य है। इनमें से 33 हजार 541 परिवार के एक लाख 16 हजार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए है।