बागपत। बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण ने बागपत शहर में घनश्यामदास मार्ग पर बर्फखाने के पीछे अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कॉलोनी काटने वालों को चेतावनी दी कि जब तक नक्शा पास नहीं कराया जाएगा, तब तक प्लॉट नहीं काटे जाएंगे। यदि ऐसा किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बागपत में घनश्यामदास मार्ग पर बर्फखाने के पीछे के रिजवान व बिलाल और हरबीर, रमेश व रिडकू दस हजार वर्ग मीटर में कॉलोनी काट रहे थे। प्राधिकरण के अधिकारियों ने कई बार नक्शा पास करने के लिए नोटिस जारी किया, लेकिन फिर भी नक्शा पास नहीं कराया जा रहा था। वहां 100 लोगों से अधिक को प्लॉट दिए गए और 50 प्लॉटों की नींव भरवाकर दीवार भी करानी शुरू कर दी गई। इसके अलावा वहां रास्ते भी बना दिए गए। यह मामला डीएम अस्मिता लाल के पास पहुंचा तो प्राधिकरण के अवर अभियंता अजीत कुमार ने पुलिस व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कॉलोनियों की सड़कों को उखड़वा दिया। वहां सभी 50 प्लॉटों की नींव व चाहरदीवारी का ध्वस्तीकरण कराया। इसके अलावा बड़ौत रोड पर पांच हजार वर्ग मीटर में कॉलोनी काटी जा रही है। वहां भी बुलडोजर चलाकर रास्ता उखाड़ दिया गया। इन सभी को दोबारा प्लॉट काटने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।