बड़ौत। बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को बड़ौत शहर में दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कॉलोनी काटने वालों को चेतावनी दी कि जब तक नक्शा पास नहीं कराया जाएगा, तब तक प्लॉट नहीं काटे जाएंगे। यदि ऐसा किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बड़ौत में राज पैलेस के सामने मोहित तोमर, रोहित तोमर, राहुल व वरुण दस हजार वर्ग मीटर में कॉलोनी काट रहे थे। इसके अलावा गोविंद गार्डन के पीछे मोहित कुमार ने दस हजार वर्ग मीटर कॉलोनी काटी। प्राधिकरण के अधिकारियों ने कई बार नक्शा पास करने के लिए नोटिस जारी किया, लेकिन फिर भी नक्शा पास नहीं कराया जा रहा था। प्राधिकरण के अवर अभियंता अजीत कुमार ने पुलिस व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कॉलोनियों की सड़कों को उखड़वा दिया और दीवारों का ध्वस्तीकरण कराया।