बागपत। लूट के मुकदमे में एसपी के नाम पर पचास हजार रुपये मांगने की एक किसान नेता की ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। ऑडियो में किसान नेता एक महिला से बात कर रहा है और पूर्व एसपी के साथ घर जैसे संबंध होने के दावे भी कर रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ऑडियो में किसान नेता एक महिला के साथ खेकड़ा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे से दो युवकों के नाम निकलवाने की बात कर रहा है। जिसमें किसान नेता पूर्व एसपी का नाम लेकर लूट के मुकदमे से नाम निकलवाने की गारंटी ले रहा है। साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि एसपी को पहले भी रुपये दिये गये है। वायरल ऑडियो में बात करने वाले किसान नेता पर कुछ दिन पहले एक विधवा महिला ने सामूहिक दुष्कर्म कराने और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया था। जिसकी पुलिस जांच कर रही है। उधर इस मामले में एसपी अर्पित विजयवर्गीय का कहना है कि ऑडियो के बारे में जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अगर शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद