संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। झंकार वाली गली में एक छात्रा का घर से अपहरण करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपी युवक ने पीड़िता और उसके परिजन के साथ ही एक मवेशी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। उधर, मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
झंकार गली निवासी छात्रा का आरोप है कि विशेष समुदाय का एक युवक उससे छेड़छाड़ करता है। वह युवक के उत्पीड़न से परेशान आ चुकी है। बताया कि शुक्रवार देर शाम वह परिजनों के साथ घर पर थी। इसी दौरान युवक कार से आया और उसे जबरदस्ती साथ ले जाने लगा। विरोध करने पर युवक ने उसके, उसकी मां, दो भाइयों और एक मवेशी के ऊपर पेट्रोल डाल दिया। वह माचिस से आग लगाने की कोशिश कर ही रहा था, तभी शोर सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। खुद को घिरता देख युवक ने अपने भाई को बुला लिया और जान से मारने की धमकी देने लगा। इस पर लोगों ने दोनों भाइयों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पीड़िता का सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।