बागपत : बाछौड़ गांव निवासी घायल प्रिया।
- फोटो : BAGHPAT
छपरौली (बागपत)। बाछौड़ गांव में बृहस्पतिवार शाम एक महिला पर पड़ोसी ने तमंचे की बट से हमला कर घायल कर दिया। वहां शोर सुनकर पहुंचे पीएसी के जवानों ने आरोपी के हाथ से तमंचा छीन लिया और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपी व्यक्ति दो बेटियों के साथ आत्महत्या करने वाली महिला का पति है।
महिला प्रिया ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को वह छत पर काम कर रही थी, तभी पड़ोसी उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। जिसका विरोध करने पर घर में घुसकर उस पर तमंचे से गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चल सकी। जिसके बाद तमंचे की बट से उसके सिर पर वार कर घायल कर दिया। महिला के शोर मचाने पर गली में तैनात पीएसी के जवान वहां पहुंचे और आरोपी को पकड़कर उसके हाथ से तमंचा छीना। पीड़ित महिला का आरोप है कि महक सिंह उस पर मां और बेटियों के आत्महत्या करने के मामले में आरोपी दरोगा के खिलाफ बयान देने का दबाव बना रहा था। इसके लिए मना करने पर उस पर हमला किया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में लिया। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर महक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
--
आरोपी की पत्नी व दो बेटियों की पिछले माह हुई थी मौत
महिला पर तमंचे की बट से हमला करने के मामले में पकड़ा गए आरोपी महक सिंह की दो बेटियों व पत्नी ने पिछले माह पुलिस दबिश के दौरान जहरीला पदार्थ खा लिया था। उनकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।