बागपत के मलकपुर गांव में जमीन को हड़पने की नीयत से युवक ने अपने ताऊ और पिता को धारदार हथियार से हमला कर जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह उन्हाेंने वहां से भाग कर जान बचाई। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
मलकपुर गांव में राजेंद्र व बिलेंद्र पुत्रगण भंवर सिंह दो भाई है। राजेंद्र अविवाहित है। दोनों के पास 11 बीघा जमीन है। राजेंद्र अपने छोटे भाई बिलेंद्र के ही पास रहता है। बिलेंद्र का बड़ा लड़का रामबीर 10 साल से अलग रहता है। उन्होंने उसके हिस्से की दो बीघा जमीन दी हुई है। रामबीर अपने अविवाहित ताऊ की 5.50 बीघा जमीन पर कब्जा करना चाहता है।
इसको लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है और वह अपने पिता व ताऊ की जान का दुश्मन बना हुआ है। शनिवार को राजेंद्र व बिलेंद्र खेत में काम कर भैंसा बोगी से घर लौट रहे थे। रास्ते में रामबीर उन दोनों भाइयों पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया और उन्हें जान से मारने का प्रयास किया।
किसी तरह वे वहां से जान बचाकर भागे और कोतवाली में राजेंद्र ने अपने भतीजे को नामजद कराते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है और तहरीर लेकर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है।