बागपत। दाहा गांव के कुरैशियान मोहल्ले में महाराष्ट्र से घर लौटे युवकों की जानकारी पुलिस को दिए जाने से नाराज परिजनों ने पड़ोसियों के मकान पर पथराव कर दिया। हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया है।
मामला एक ही समुदाय से जुड़ा है। दाहा गांव के कुरैशियान मोहल्ला निवासी इरफान व शानू महाराष्ट्र में मजदूरी करते थे। तीन दिन पहले दोनों वापस आ गए। पड़ोसी ने पुलिस को दोनों के विषय में जानकारी दे दी। आरोप है कि बुधवार को इन्होंने पड़ोसी को धमकी दी थी। पुलिस ने पहुंचकर मामला रफा दफा कर दिया था। बृहस्पतिवार शाम घर वापसी करने वाले युवकों के परिजनों ने पड़ोसी के मकान पर पथराव कर दिया। घर में घुसकर लाठी-डंडों से परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। हमले में शादाब, फईम, शहजाद निवासी दाहा घायल हुए है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। एसओ का कहना है कि तहरीर मिल गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।