कांशीराम कालोनी का मामला, पति-पत्नी सहित तीन लोग घायल
आरोपी दूसरे वर्ग के, पीड़ितों ने चार के खिलाफ कोतवाली में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। मकान में मांस के टुकडे़ फेंके जाने का विरोध करने पर दूसरे वर्ग के युवकों ने एक मकान में घुसकर हमला कर दिया। इसमें पति-पत्नी सहित तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग निकले। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ितों ने कोतवाली पर चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
घटना दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित कांशीराम कालोनी की है। कालोनी निवासी ओमदत्त शर्मा ने बताया कि उसके घर के पास एक दूसरे वर्ग के लोगों का मकान है। आरोप है कि ये लोग मांसाहार खाकर उनके घर में मांस के टुकड़े फेंक देते है। कई बार उनसे अनुरोध भी किया गया लेकिन वे नहीं माने। बुधवार की विरोध किया गया तो उनके साथ धक्का मुक्की की गई। बृहस्पतिवार को इसी मामले को लेकर दूसरे वर्ग के कुछ युवकों ने उनके घर मेें घुसकर हमला कर दिया। हमले में ओमदत्त शर्मा, उसकी पत्नी पूजा और एक युवक सुमित घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग निकले। उधर, सीओ आलोक कुमार का कहना है कि पीड़ितों की तहरीर आई है, जिसकी जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।