गांव टांडा का मामला, आठ लोग घायल, सीएचसी में भर्ती कराया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत/छपरौली (बागपत)। छपरौली थाना क्षेत्र के टांडा गांव में बुधवार को खेत में काम कर रहे किसान और उसके परिवार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इसमें किसान और उसके परिवार के आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर मामला दर्ज किया जाएगा।
टांडा गांव निवासी मोहन पुत्र हुकमचंद और उसके परिवार के लोग बुधवार को खेत में काम कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर वहां पर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। हमले में मोहन, प्रेम पुत्र पलटू, रामछैल पुत्र खजान, सोमपाल पुत्र तारा, सुनील पुत्र रोहताश, नीरज पुत्र प्रेम, सहेंद्र पुत्र अजबा, अंकुर घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान उधर दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत में प्रेम को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इसे लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एसएसआई गजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दो दिन पूर्व हुई थी कहासुनी थी
एसएसआई के मुताबिक दो दिन पूर्व मोहन की गांव के ही कुछ लोगों से कहासुनी और गाली गलौज हुई थी। इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ 151 की कार्रवाई की गई थी। बुधवार को किया गया हमला भी इसी से जुड़ा हो सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।