ग्राम बसी मे दोहरे हत्याकांड के आरोपियो के मकान के बाहर कुर्की नोटिस चस्पा करती कोतवाली पुलिस
- फोटो : KAHKRA
बसी गांव निवासी दादा-पोते की गोली मारकर 31 जनवरी को हत्या कर दी गई थी
कुख्यात कपिल बसी पर एक लाख और पूर्व प्रधान सहित अन्य 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। ग्राम बसी में जनवरी माह में वृद्ध किसान सत सिंह और उसके पौत्र मनदीप की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के मकानों पर मुनादी कराकर कुर्की नोटिस चस्पा किए है। इस मामले में सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिनमें से दो जेल जा चुके है। फरार कुख्यात कपिल पर एक लाख और पूर्व प्रधान ओमपाल सिंह सहित अन्य पर 25-25 हजार का इनाम घोषित है।
ग्राम बसी निवासी वृद्ध किसान सत सिंह और उसके पोते मनदीप की 31 जनवरी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मनदीप की मां सरिता ने कोतवाली मं गांव के ही नामी बदमाश कपिल बसी और पूर्व ग्राम प्रधान ओमपाल सिंह सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तभी एक आरोपी बिजेंद्र को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक ने कपिल बसी पर एक लाख रुपये और पूर्व प्रधान ओमपाल सिंह सहित सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कुछ दिन पूर्व एक आरोपी संजीव न्यायालय में समर्पण कर जेल चला गया था। शुक्रवार को पुलिस ने संजीव को 12 घंटे के पुलिस रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर गांव के जंगल से हत्या में प्रयुक्त देसी तमंचा बरामद किया था। शनिवार को पुलिस ने ग्राम बसी में मुनादी कराकर फरार आरोपी पूर्व ग्राम प्रधान ओमपाल सिंह, बसंत कुमार, पंकज और सुधीर के घरों के बाहर कुर्की नोटिस चस्पा किए। पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि कुर्की की कार्रवाई के लिए नोटिस चस्पा किए गए है।