बागपत। काठा गांव के पीएम श्री विद्यालय में विद्यार्थियों को अब खगोल विज्ञान की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए विद्यालय में एस्ट्रोनॉमी लैब स्थापित करने के आदेश दिए हैं। इससे बच्चे अंतरिक्ष, ग्रह और तारों के बारे में व्यावहारिक रूप से सीख सकेंगे और ब्रह्ममांड के रहस्यों को जान सकेंगे।
प्रदेश के पीएम श्री विद्यालयों में एस्ट्रोनॉमी लैब स्थापित करने के लिए योजना तैयार करके इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। अब लैब स्थापित करने के लिए शासन ने विद्यालयों का चयन कर दिया है। बागपत जिले में काठा गांव के पीएम श्री विद्यालय का चयन किया गया है। विद्यालय में एस्ट्रोनॉमी लैब स्थापित की जाएगी। इससे बच्चों को विज्ञान की नई जानकारी मिल सकेगी। वहीं ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में पढ़ने वाले बच्चों को भी आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा। एस्ट्रोनॉमी लैब के माध्यम से बच्चों को दूरबीन, चार्ट और मॉडल के जरिये अंतरिक्ष से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इससे उनमें विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी। बीएसए गीता चौधरी ने बताया कि लैब बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसके लिए शासन से आदेश मिल गए हैं। लैब स्थापित होने से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ेगी।