विभिन्न मांगों को लेकर बागपत कलक्ट्रेट में प्रदर्शनी करती आशा व आशा संगिनी। संवाद
बागपत। बागपत ब्लॉक की आशा संगीनी मानदेय नहीं मिलने पर सोमवार को पहले कलक्ट्रेट और फिर सीएमओ कार्यालय पर पहुंची। उन्होंने सीएचसी में तैनात बीसीपीएम पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया और सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है।
आशा संगीनी बबीता, बबली, मीना त्यागी, प्रीति, सीमा, करुणा, बीना चौहान ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की जांच करने के लिए इनको लगाया गया है। उनकी रिपोर्ट के बाद ही आशा कार्यकर्ताओं को मानदेय का भुगतान दिया जाता है। आरोप है कि सीएचसी में तैनात एक बीसीपीएम द्वारा भ्रष्टाचार फैलाया जा रहा है। आशाओं के खाते में अधिक भुगतान किया जाता है और फिर उनसे वापस लिया जाता है।
उन्होंने सीएमओ डाॅ. तीरथलाल को ज्ञापन सौंपकर आशा भुगतान वाउचर, भुगतान हुई ऑनलाइन सीट, आशाओं के खाते की जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो सभी आशा संगीनी हड़ताल कर कलक्ट्रेट में धरना देंगी। सीएमओ ने उन्हें जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं बीसीपीएम रजनी का कहना है कि यह आरोप गलत है और सभी का मानदेय जारी किया गया था। मगर, बैंक की कमी से मानदेय नहीं गया, जिसकी कार्रवाई चल रही है।