वनस्थली पब्लिक स्कूल में जिला टॉपर के साथ जश्न मनाते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सीबीएसई की 12वीं कक्षा के नतीजों में बाजी लड़कों के हाथ रही। साइंस (पीसीएम) में वनस्थली पब्लिक स्कूल बड़ौत के अर्पित राठी ने 96.8 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया। कॉमर्स में डीएवी स्कूल बागपत का छात्र संचित राठी 96.4 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉपर रहा। जनपद का परीक्षा परिणाम 67.69 प्रतिशत रहा। कामयाब हुए मेधावियों ने नतीजों पर खुशी मनाई।
शनिवार को सीबीएसई बोर्ड के नतीजों से मेधावी खिल उठे। साइंस (पीसीएम) वर्ग में वनस्थली पब्लिक स्कूल बड़ौत के छात्र अर्पित राठी ने 96.8 प्रतिशत हासिल कर प्रथम, वनस्थली बड़ौत की नैंसी ने 96 प्रतिशत के साथ द्वितीय और इंद्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल काठा की अनु गुप्ता ने 95.8 प्रतिशत अंक पाकर जनपद में तीसरा स्थान पाया।
कॉमर्स वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल बागपत के संचित राठी ने 96.4 प्रतिशत के साथ पहला, वनस्थली पब्लिक स्कूल बड़ौत के चिराग जैन ने 95.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और डीएवी पब्लिक स्कूल की नीतू राणा ने 95.4 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया।
नतीजे जानने के लिए सुबह से ही साइबर कैफे और स्कूलों में गहमा-गहमी रही। दोपहर 12 बजे नतीजे घोषित होते ही मेधावियों के जश्न का सिलसिला शुरू हो गया। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी मिठाइयां बांटीं।