रजिस्ट्री कार्यालयों में बैनामे कराने को लेना होगा अपॉइंटमेंट
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर एआईजी स्टांप ने उपनिबंधकों जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन ने प्रदेश में सभी रजिस्ट्री कार्यालयों में बैनामों आदि की रजिस्ट्री कराने के लिए अपॉइंटमेंट सिस्टम लागू कर दिया है।
महानिरीक्षक निबंधन डॉ. रोशन जैकब ने सभी जिलों को आदेश जारी किया है। इसके अनुसार रजिस्ट्री कराने से पहले लेखपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करने पर रजिस्ट्री कार्यालय जाने से पहले अपॉइंटमेंट लेना होगा। सॉफ्टवेयर में इसकी पहले से ही व्यवस्था है। एक समय में एक ही लेखपत्र जिसे अपॉइंटमेंट मिला है, उसी से संबंधित व्यक्ति कार्यालय में प्रवेश कर सकेंगे। रजिस्ट्री के आवेदन के बाद किसी भी लेखपत्र को एक व्यक्ति कार्यालय में ले जाकर चेक कराएगा और फिर तय समय पर कार्यालय में जाकर रजिस्ट्री करानी होगी। बागपत, बड़ौत, खेकड़ा उपनिबंधकों को एआईजी स्टांप रामदयाल ने निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि यह कदम रजिस्ट्री कार्यालय में भीड़ रोकने और संक्रमण रोकने में मददगार होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। जनपद के सभी उपनिबंधकों को इसे कठोरता से लागू करने के निर्देश दे दिये गए हैं।