28 अप्रैल तक आरटीई के अंतर्गत लॉटरी के माध्यम से मिलेगा प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। आरटीई के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को प्राइवेट विद्यालयों में निशुल्क प्रवेश के लिए 23 अप्रैल तक आवेदन होंगे। 28 अप्रैल को बच्चों को लॉटरी के माध्यम से विद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा और 29 अप्रैल से प्रवेश के लिए तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्राइवेट विद्यालयों में 25 फीसदी कमजोर वर्ग के बच्चों को निशुल्क प्रवेश का प्रावधान है। प्राइवेट स्कूलों में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया चल रही है, जो 23 अप्रैल तक चलेगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद 28 अप्रैल को लॉटरी के माध्यम से बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश कराया जाएगा। 29 अप्रैल से तीसरे चरण की प्रक्रिया शुुरू होगी, जो 30 जून तक चलेगी। इससे पूर्व पांच अप्रैल तक प्रथम चरण की प्रक्रिया में बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की गई थी। बीएसए राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्राइवेट विद्यालयों में बच्चों के प्रवेश के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए 23 अप्रैल तक आवेदन और 28 अप्रैल को लाटरी के माध्यम से बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराया जाएगा।