बागपत के छपरौली कस्बे के दुकानदार अनुज की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी अमित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि शराब पीकर गाली-गलौज होने पर ही आरोपियों ने अनुज का सिर ट्यूबवेल की हौज में मार-मारकर उसकी हत्या कर दी थी।
छपरौली थानाध्यक्ष दिनेश वशिष्ट का कहना है कि छपरौली कस्बे में मोबाइल की दुकान करने वाले युुवक अनुज की हत्या के मामले में आरोपी अमित को उसकी ट्यूबवेल से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ करने पर आरोपी अमित ने पुलिस को बताया कि अपने दोस्त अनुज और नीरज उर्फ बिल्डर के साथ 26 दिसंबर को वह अपनी ट्यूबवेल पर बैठकर शराब पी रहा था। नशे की हालत में उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। अनुज ने उनके साथ गाली-गलौज कर दी थी। इसी से क्षुब्ध होकर नीरज उर्फ बिल्डर ने ट्यूबवेल की हौज में सिर मार-मारकर अनुज की हत्या कर दी थी। उसके बाद शव को लेकर यमुना नदी में डाल आए थे। एसएचओ का कहना है कि आरोपी अमित को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी नीरज को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
निनाना में दंपति पर जानलेवा हमला, घायल
बागपत। फैजपुर-निनाना गांव निवासी चौधरी राजपाल और उनकी पत्नी कुसुम पर परिवार के लोगों ने जमीन के विवाद में हमला कर दिया। उन पर धारदार हथियार से प्रहार किया, जिससे दोनों घायल हो गए। उनका सीएचसी पर उपचार कराया गया। बाद में उन्होंने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत की है।
बाइक सवार दंपति से मारपीट
बागपत। मेरठ से बागपत की ओर आ रहे बाइक सवार दंपति की कार सवार लोगों ने पिटाई कर दी। दोनों पक्ष के लोग अग्रवाल मंडी टटीरी चौकी पर पहुंचे। पुलिस के सामने भी उनका काफी विवाद हुआ। आरोपी युवक, दंपति से मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस ने उनको समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पीड़ित दंपति हरियाणा का था।