- सीसीएसयू ने पंजीकरण कराने के लिए 20 जुलाई तक का समय बढ़ाया
-पहले 30 जून और फिर 10 जुलाई तक पंजीकरण करने के लिए दिया गया था समय
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने शिक्षण सत्र 2026-27 के स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 20 जुलाई तक पंजीकरण कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने इसे पंजीकरण और त्रुटि संशोधन का अंतिम अवसर बताया है।
विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम वर्ष के लिए पांच मई और परास्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 17 जून से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की थी। पहले पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून थी, जिसे बढ़ाकर 10 जुलाई किया गया था। अब इसे अंतिम बार 20 जुलाई तक बढ़ाया गया है। जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज की प्राचार्य शिन्जिता अग्रवाल ने बताया कि तिथि बढ़ने से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश अब तक पंजीकरण नहीं करा पाए थे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा में पंजीकरण और आवश्यक संशोधन पूरे कर लें। इससे कोई भी विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया से वंचित नहीं रहेगा।