बावली गांव में बकाया गन्ना भुगतान सहित अन्य समस्याओं लेकर पंचायत करते किसान
बड़ौत। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, निराश्रित पशुओं की बढ़ती संख्या एवं विद्युत दर घटाए जाने सहित अन्य समस्याओं को लेकर बावली में रविवार को किसानों की पंचायत हुई। इसमें जिला प्रशासन को समस्या से अवगत कराने के बाद भी निस्तारण न होने पर नाराजगी जताई। पंचायत में सर्वसम्मति से 27 जनवरी को तहसील में महापंचायत कर आंदोलन शुरू करने का निर्णय किया गया।
पंचायत की अध्यक्षता किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी ब्रजपाल सिंह एवं संचालन विक्रम आर्य में ग्राम प्रधान गौरव तोमर ने संयुक्त रूप से किया। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि मलकपुर मिल पर करीब चार सौ करोड़ रुपये गन्ना मूल्य भुगतान के बकाया है। बार-बार मांग किए जाने के बाद भी समय पर मिल द्वारा बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा है।
वहीं, ऊर्जा निगम के अधिकारी चेकिंग के दौरान पीड़ित किसानों के कनेक्शन काट रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र में लगातार बढ़ रही निराश्रित पशुओं की संख्या पर नाराजगी जताई। कहा कि निराश्रित पशु किसानों की फसलें उजाड़ रहे हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन का इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं है। पंचायत में बढ़ी विद्युत दर को घटाए जाने की भी मांग उठाई।
इन तमाम समस्याओं को लेकर 27 जनवरी को तहसील में महापंचायत का आंदोलन शुरू करने का निर्णय किया गया। पंचायत में हरवीर सिंह, सुधीर ,संजीव, गौरव प्रधान, आकाश, विनय तोमर, अरविंद तोमर, ब्रजपाल, बिजेंद्र तोमर आदि किसान मौजूद रहे।