बागपत, बिनौली। पांच दिन से बिजली नहीं आने के कारण खेतों में फसल सूखने से गुस्साए गलेहता, मुकीमपुरा गांव के किसानों ने बुधवार को बिनौली बिजलीघर पर विरोध प्रदर्शन किया ओर जल्द ही बिजली व्यवस्था ठीक न होने पर बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
पिछले दिनों आई आंधी से बिनौली बिजलीघर से जुड़े चिरचिटा फीडर की हाईटेंशन विद्युत लाइन के दो विद्युत पोल गिर गए थे। किसान दीपक ने बताया कि विद्युत कर्मियों द्वारा अब तक भी खंभे ठीक नहीं किए गए। जिसके कारण जंगल की बिजली व्यवस्था ठप पड़ी है। खेतों में किसानों की खड़ी फसल बिना पानी के सूखकर बर्बाद हो रही है। आक्रोशित गलेहता, मुकीमपुरा, सिरसलगढ़, गढ़ीदुल्ला के काफी संख्या में किसान बिनौली बिजलीघर पर पहुंचे और प्रदर्शन कर विरोध जताया।
किसानों ने बृहस्पतिवार तक जंगल की बिजली व्यवस्था ठीक नहीं किए जाने पर धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में दीपक, कुलदीप, बिट्टू, अंकुर, नीटू, धर्मेंद्र, विनोद, निर्देश, संजय, पीतम, कालू आदि शामिल हैं।