एमडी को संबोधित ज्ञापन विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। ऊर्जा निगम में कार्यरत संविदा कर्मचारियों का लंबित समस्याओं के विरोध में बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने एमडी को सम्बोधित ज्ञापन पंचायत के जिलाध्यक्ष को सौंपा।
कर्मचारियों ने बताया कि न तो समय पर मानदेय दिया जाता है और न ही अंशदान की रसीद। विद्युत कार्य के दौरान आवश्यक विद्युत सामग्री न मिलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऊपर से कार्यालय परिसर व बिजलीघरों में सक्रिय दलाल नियम विरुद्ध कार्य करने का दबाव बनाते है और न कराने पर झूूठी शिकायत देकर कार्रवाई कराने की धमकी देते है। जब विभागीय अफसरों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते है तो वे अनसुना कर देते है। पहले भी कई बार इन तमाम समस्याओं को लेकर लिखित व मौखिक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। इस दौरान विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। प्रदर्शन करने वालों में धर्मेंद्र, रमाकांत, विनय, राजीव, आशु, सुभाष पंवार, वासुदेव, नितिन, राजेश गुप्ता शामिल रहे।