अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में बुधवार को नगरवासियों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने बिनौली रोड स्थित एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उनकी विद्युत कर्मचारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। आक्रोशित लोगों ने कार्यालय में तालाबंदी करने का भी प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे अधिशासी अभियंता का घेराव कर समस्या का समाधान नहीं होने पर बड़ौत-बिनौली मार्ग को अवरुद्ध कर करने की चेतावनी दी।
बुधवार को काफी संख्या में लोग सभासद रवि तोमर के नेतृत्व में एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान सभासद रवि तोमर ने बताया नगर में 20 से 24 घंटे सप्लाई देने के सीएम के आदेश हैं, लेकिन बड़ौत शहर में सीएम के आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है।
लोगों को मुश्किल से मात्र 4 से 5 घंटे ही सप्लाई मिल रही है। उन्होंने कहा शट डाउन के बहाने विद्युत कर्मी खुलेआम अवैध वसूली कर रहे हैं, शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। इससे नगर मेें पेयजल संकट बना हुआ है।
वहीं रात के समय चोर और बदमाशों का डर लगा रहता है। वहीं स्कूली बच्चों भी परेशान है। लोगों के दफ्तर में हंगामा करने की सूचना मिलते ही एक्सईएन द्वितीय दफ्तर पहुंचे। नाराज लोगों ने नारेबाजी करके उनका घेराव किया।
उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इसमें मोहित, सुभाष, विजय, विनीत, सिद्धार्थ, सुमित, डाबर, सतेंद्र, जयपाल, जगपाल, संजीव, छोटू, शेखर, धीरज, अमित, देव, सुनील, प्रवीण, राजीव आदि रहे। इस संबंध में जेई टाऊन इंद्रपाल ने कहा नगर में रखे 400 केवीए के ट्रांसफार्मर फूंकने से यह समस्या पैदा हुई।