-कलक्ट्रेट में आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले दस मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
फोटो-10ए व बी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कलक्ट्रेट में आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को धरना दिया। उन्होंने दस मांगों का ज्ञापन एसडीएम ज्योति शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम सौंपकर पूरा करने की मांग की। मांगे पूरी नहीं होने पर हड़ताल करने की चेतावनी दी।
धरने पर जिलाध्यक्ष सुषमा गुर्जर ने कहा कि वे पिछले काफी समय से महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी बनकर कार्य कर रही हैं। पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा, टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल सहित केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जा रहा। इसके बावजूद उन्हें अब तक पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिल सका है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी कई बार अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिला उपाध्यक्ष रचना शर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी कर्मियों ने सरकार से उन्हें पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी घोषित करने, नियमित वेतनमान, भविष्य निधि, पेंशन, ग्रेच्युटी, महंगाई भत्ता, सवेतन मेडिकल अवकाश की सुविधा दिए जाने की मांग की। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में भी सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने, सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कर्मियों को पेंशन एवं ग्रेच्युटी का लाभ देने, योग्यता के आधार पर पदोन्नति की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई। उन्होंने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरा करने की मांग की। इस मौके पर राकेश धामा, रेखा चौहान, रेनू, मुकेश देवी, बबीता, मनीषा त्यागी, रेखा जैन आदि मौजूद रहीं।
-धरने पर बैठी आंगनबाड़ी सहायिका की तबीयत बिगड़ी
बागपत। कलक्ट्रेट परिसर में धरने पर दत्तनगर निवासी अमरेश की तबीयत खराब हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अमरेश को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।