बड़ौत सीएचसी में हंगामे के बाद महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जलालपुर गांव से गर्भवती महिला को लाने पहुंची एंबुलेंस का चालक उसे रास्ते में ही छोड़कर भाग गया। दरअसल, एएनएम ने 102 की बजाय 108 एंबुलेंस को कॉल कर बुलाया था। इस पर एंबुलेंस चालक क्रोधित हो गया। बाद में सीएचसी पहुंचकर महिलाओं ने हंगामा किया।
जलालपुर गांव की शहनाज पत्नी सलीम गर्भवती थी। उसने वहां की एएनएम रेखा को एंबुलेंस बुलाने को कहा तो एएनएम ने 108 एंबुलेंस को कॉल किया। जबकि गर्भवती महिलाओं को लाने के लिए 102 एंबुलेंस की सुविधा की गई है।
जब 108 एंबुलेंस का चालक अजय कुमार एंबुलेंस लेकर गांव पहुंचा तो गर्भवती को उसने बैठा तो लिया, लेकिन बाद में बीच रास्ते छोड़कर चला गया। बाद में एएनएम गर्भवती महिला को लेकर सीएचसी पहुंची और हंगामा किया। सीएचसी अधीक्षक मुकेश उपाध्याय ने उन्हें शांत किया।