बागपत। सिसाना गांव में शराब के नशे में मकान मालिक के साथ अभद्रता करने वाले चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ मकान मालकिन नीतू की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। इसके बाद सोमवार देर रात चारों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया। धाराएं जमानती होने के कारण चारों को कोतवाली से जमानत मिल गई।
सिसाना गांव निवासी नीतू ने आरोप लगाया कि उनके मकान में हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कपिल, प्रत्यक्ष व गौरव किराए पर रहते हैं, जो शराब पीकर हंगामा करते रहते हैं। किराया मांगने पर शराब के नशे में उसके साथ अभद्रता की। रविवार शाम पुलिसकर्मियों ने उसके ससुर के साथ हाथापाई करते हुए जेल भिजवाने की धमकी दी। पुलिसकर्मियों पर कमरे के बाहर गंदगी फैलाने का भी आरोप लगाया और वीडियो बनाकर पुलिस अधिकारियों को भेज दी। उसकी शिकायत पर डायल 112 की गाड़ी लेकर पुलिसकर्मी वहां आए और कार्रवाई किए बिना ही वापस चले गए। इसमें जांच करने गए एसआई सत्यम के सामने भी पुलिसकर्मियों ने हंगामा किया। एसपी ने चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इसमें गाली-गलौज कर मारपीट करने और धमकी देने के आरोप में चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-पुलिस लाइन में भी किया था हंगामा
सितंबर माह में पुलिस लाइन में भी पुलिसकर्मियों ने शराब के नशे में उत्पात मचाया था। उसमें आरआई ने पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया। इसके बाद एसपी ने चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था, जिनमें हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कपिल शर्मा, गौरव कुमार और एक अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।