पुलिस मुठभेड़ में शराब तस्कर फरार
अमीनगर सराय। बसौद-कर्मअलीपुर गढ़ी मार्ग पर सोमवार को चेकिंग के दौरान शराब तस्कर पुलिस पर फायरिंग कर भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने खेतों में कॉबिंग कर तस्करों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नही चल सका। पुलिस ने गाड़ी सहित अवैध शराब बनाने का सामान जब्त कर लिया है।
एसओ शिवप्रकाश ने बताया कि सूचना पर डौला चौकी प्रभारी भगवत स्वरूप ने एक बोलेरो गाड़ी की तलाशी ली तो तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्यवाई होने पर तस्कर गाड़ी से कूद कर जंगल में फरार हो गए। घंटो कॉबिंग के बाद भी उनका सुराग नही मिला। तस्करों की पहचान मोनू पुत्र भीम सिंह निवासी कर्मअलीपुर गढ़ी व गोपाल पुत्र राज सिंह निवासी गठिना के रुप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोपियो की गाड़ी से 22 पेटी हरियाणा मार्का शराब, एक अपमिश्रित शराब से भरी केन, एक किलो यूरिया, 250 ग्राम नौशादर, बाल्टी, कीप, मग्गा व 41 खाली शराब के पव्वे बरामद हुए हैं।