बागपत में डाकघर का सर्वर डाउन होने पर बृहस्पतिवार को खातेदारों ने हंगामा किया। कृषि विज्ञान केंद्र से पहुंचे सीनियर वैज्ञानिकों की अधिकारियों के साथ जमकर नोकझोंक हुई। उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की। काफी जद्दोजहद के बाद वैज्ञानिकों की समस्या हल हुई।
शहर में स्थित डाकघर का सर्वर डाउन होने से जहां विभागीय कार्य प्रभावित रहा। वहीं खातेदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्य न होने के कारण डाकघर में हंगामा चलता रहा। खातेदारों ने डाकघर कर्मियों पर जान बूझकर कार्य न करने का आरोप लगाया। खेकड़ा के कृषि विज्ञान केंद्र से सीनियर वैज्ञानिक डॉ. भूपेंद्र कुमार और डॉ संजय कुमार अपना पीपीएफ जमा कराने डाकघर पहुंचे। वहां मौजूद कर्मचारियों ने सर्वर ठप होने की बात कहते हुए उन्हें पीपीएफ जमा करने से इंकार कर दिया।
वैज्ञानिकों ने उनसे पीपीएफ जमा करने का आज आखिरी दिन बताया और किसी भी तरह उनका कार्य करने की अपील की, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने सर्वर के बिना कार्य नहीं हो पाने का पल्ला झाड़ लिया। यह सुनते ही वैज्ञानिक भड़क उठे। विभाग के उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। तब जाकर उनका कार्य किसी तरह हो सका। डाकघर के प्रभारी प्रबंधक सुभाष शर्मा ने कहा सर्वर ठप होने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसी कारण से दोनों वैज्ञानिकों के कार्य नहीं हो सके थे। उन्हें पीपीएफ के फार्म को भरकर कार्य करा दिया गया था।
समस्त भारत के सर्वर हैं ठप
बागपत। डाक घर के प्रभारी प्रबंधक सुभाष चंद शर्मा ने बताया डाक घर का सर्व में पिछले एक माह से गड़बड़ी चल रही है। विभागीय कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। विगत दो दिन से तो पूरे भारत के डाकघरों के सर्वर ठप चल रहे हैं। खातेदारों के साथ-साथ विभागीय कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
अंतिम दिन बैंकों में उमड़ी भीड़
बागपत। वित्तीय वर्ष 2015-16 का अंतिम दिन होने के कारण बृहस्पतिवार को सरकारी महकमों में लिपिक व्यस्त नजर आए। दूसरी तरफ सभी बैंकों में भी भारी भरकम भीड़ उमड़ी। मार्च माह में सरकारी विभागों में क्लोजिंग होती है। इसमें बैंकिंग कार्य होते हैं।