प्रतिष्ठा के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं दावेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद अब ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी काफी महंगा हो गया है। प्रतिष्ठा के लिए ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार करोड़ों रुपये खर्च करने में भी हिचकिचा नहीं रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए तरह-तरह के प्रलोभन और ऑफर दिए जा रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मौज आई हुई है। बताया जा रहा है कि एक ब्लॉक की प्रमुखी का चुनाव खर्च करोड़ों तक जा पहुंचा है। प्रतिद्वंद्वियों को चुनाव न लड़ने के लिए एक-एक करोड़ से ज्यादा की रकम दी जा चुकी है। इसके अलावा एक अन्य ब्लॉक में प्रमुख पद के दावेदार भी जमकर खर्च कर रहे हैं। एक क्षेत्र पंचायत सदस्य को ढाई से तीन लाख रुपये तक दिए गए हैं। प्रतिद्वंद्वी उनके मतदाताओं तक न पहुंच जाए, इसके लिए प्रमुखी के दावेदारों ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को कई दिन पहले ही सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है। मतदान के दिन ही उन्हें सीधा ब्लॉक मुख्यालय ले जाया जाएगा।
यह है चुनाव का कार्यक्रम
उम्मीदवार आठ जुलाई को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र खरीदकर दोपहर बाद तीन बजे से कार्य समाप्ति तक जमा करा सकेंगे। नौ जुलाई को प्रात: 11 से दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे। 10 जुलाई को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। दोपहर तीन बजे से मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। बागपत में छह ब्लाक प्रमुख पदों के लिए चुनाव होगा। इसमें 505 क्षेत्र पंचायत सदस्य मतदान करेंगे।
प्रमुख पदों का आरक्षण
बागपत ब्लॉक अनुसूचित जाति महिला
बड़ौत ब्लॉक अन्य पिछड़ा वर्ग महिला
खेकड़ा ब्लॉक अन्य पिछड़ा वर्ग
छपरौली, बिनौली व पिलाना ब्लॉक अनारक्षित
क्षेत्र पंचायत सदस्यों का ब्योरा
ब्लाक सदस्य
बागपत 83
खेकड़ा 59
पिलाना 81
छपरौली 71
बड़ौत 110
बिनौली 101
------------------