संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्था मिलने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की खिंचाई के बाद व्यवस्था में सुधार होने लगा है। सफाई व्यवस्था सही की गई, लेकिन अभी तक परिसर में बिजली के तारों को अंदर नहीं किया गया और यहां हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
बागपत सीएचसी परिसर में खिड़कियों के किनारे फैले कूड़े को देखकर डिप्टी सीएम भड़क गए थे। डिप्टी सएम की फटकार के बाद एमआरडी कक्ष का ताला खोल दिया गया है। इसके अलावा खिड़कियों की साफ-सफाई कराई गई। वहीं शौचालयों की सफाई कराने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा दवाइयों का स्टॉक पूरा किया जा रहा है ताकि मरीजों को परेशानी न उठानी पड़े। सीएचसी में दूसरे दिन सीएचसी परिसर में खुले पड़े पावरहाउस को सही नहीं किया गया है, जिससे यहां हादसा होने का खतरा बना हुआ है। अन्य व्यवस्थाओं को ठीक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि पावरहाउस के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।