दिवंगत पूर्व बार अध्यक्ष नरेंद्र त्यागी के गम मे खेकड़ा तहसील मे सूने पडे अधिवक्ताओ के चेम्बर
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा। तहसील न्यू बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष की मौत होने से खेकड़ा तहसील में मातम छाया रहा। अधिवक्ता उनकी मौत के जिम्मेदार चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तीन दिन की हड़ताल पर चले गए।
ग्राम मुबारिकपुर निवासी पूर्व बार अध्यक्ष नरेंद्र त्यागी की मौत बृहस्पतिवार को खेकड़ा तहसील में दिन भर मातम छाया रहा। अधिवक्ता आरोपी चिकित्सक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर तीन दिन की हड़ताल पर चले गए। बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामेश्वर दयाल पंवार का कहना है कि पुलिस ने तीन दिन के अंदर आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई नही की तो अधिवक्ता अनिश्चित कालीन हड़ताल करेंगे। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद नरेंद्र त्यागी का शव गांव में पहुंचने पर शोक छा गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उनकी अंतिम यात्रा में पूरे जनपद से अधिवक्ता और ग्रामीण शामिल हुए।
बागपत कोतवाली प्रभारी रवि रतन सिंह का कहना है कि उन्हें अभी तक इस घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मामले की जांच कराई जाएगी।
यह है मामला
एक वर्ष पूर्व हुई सड़क दुर्घटना में कंधे की हड्डी टूट गई थी। बागपत के एक निजी अस्पताल में उनका ऑपरेशन हुआ। जिसमें उनके कंधे में स्टील की प्लेट डाली गई थी। बुधवार को वह प्लेट को निकलवाने के लिए चिकित्सक के पास गए थे। आरोप है कि वहां चिकित्सक के गलत इंजेक्शन लगाने से उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों और अधिवक्ताओं ने खेकड़ा कोतवाली में पहुंचकर हंगामा कर अधिवक्ता नरेंद्र त्यागी की मौत के लिए चिकित्सक जीके सिंह को जिम्मेदार ठहराकर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। इस दौरान चिकित्सक डॉ. जीके सिंह की हालत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल से उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।