- हड़ताल के कारण तहसील में काम हुआ ठप, लोग हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। जमीनों के बैनामों में ई-पंजीकरण व्यवस्था लागू करने के विरोध में अधिवक्ता पिछले 12 दिनों से हड़ताल पर हैं। अधिवक्ताओं ने इस फैसले को वापस नहीं लेने तक हड़ताल जारी रखने का फैसला लिया है। इससे तहसील में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है और आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
पिछले 12 दिनों से चल रही इस हड़ताल के कारण तहसील में उपनिबंधक कार्यालय और न्यायालयों में कोई काम नहीं हो रहा है। काम कराने आने वाले लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। सिविल एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह तोमर ने कहा कि सरकार की ई-पंजीकरण व्यवस्था का हर तरफ विरोध हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना आम लोगों के लिए भी फायदेमंद नहीं है। तोमर ने सरकार से इसे लागू करने से पहले सभी पहलुओं पर विचार करने की अपील की। उन्होंने दोहराया कि योजना वापस होने तक विरोध जारी रहेगा। इस मौके पर गुलशन मौर्य, प्रदीप कुमार, अक्षय कुमार, सुनील आर्य, अमित वशिष्ट, ईश्वर सिंह और वीरेंद्र सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।